“मोदी-योगी को वोट नहीं, पहले आरक्षण दो!”—आगरा में मुकेश सहनी का ऐलान
“अगर अपने समाज के अधिकार पूछना दिमागी नक्सलवाद है, तो मैं भी दिमागी नक्सल हूं” : मुकेश सहनी
आगरा, 21 अगस्त। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के आगरा आगमन पर कार्यकर्ताओं ने हजारों मोटरसाइकिलों के साथ बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुकेश सहनी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बारिश और मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों का उत्साह बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पवित्र गंगाजल हाथ में लेकर सामूहिक संकल्प लिया कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को उसका संवैधानिक एससी आरक्षण नहीं मिला, तो भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं दिया जाएगा।
मुकेश सहनी ने कहा कि आगरा में उमड़ी भीड़ और बाइक रैली निषाद समाज की बढ़ती राजनीतिक जागरूकता और एकजुटता का संदेश है। उन्होंने कहा कि यह शक्ति प्रदर्शन किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक आवाज बुलंद करने का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि निषाद समाज को चुनाव के समय किए जाने वाले वादों और प्रलोभनों से आगे बढ़कर अपने भविष्य के बारे में सोचना होगा। “पैसा कोई दे तो ले लीजिए, लेकिन अपना वोट अपने विवेक से दीजिए। वोट किसी के दबाव या लालच में नहीं, अपने बच्चों के भविष्य और समाज के अधिकारों को देखकर दीजिए।”
मुकेश सहनी ने कहा कि गरीब समाज को केवल पांच किलो राशन से आत्मनिर्भर नहीं बनाया जा सकता। समाज को बेहतर शिक्षा, रोजगार, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और आर्थिक अवसर चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी ऐसी व्यवस्था बनाने की है, जिसमें गरीब अपने श्रम और योग्यता के बल पर सम्मानजनक जीवन जी सके।

निषाद समाज को आरक्षण के मुद्दे पर जागरूक करने के सवाल पर मुकेश सहनी ने कहा, “मैं भी अपने समाज के लोगों को जागरूक करता हूं। मैं अपने लोगों से कहता हूं कि सरकार से सवाल पूछिए कि हमारे समाज को आरक्षण क्यों नहीं मिला? हमारे संवैधानिक अधिकार पर अब तक फैसला क्यों नहीं हुआ?”
उन्होंने कहा, “अगर अपने समाज के अधिकार पूछना, लोगों को जागरूक करना और सरकार से अपने हक का सवाल करना दिमागी नक्सलवाद है, तो मैं भी दिमागी नक्सल हूं।”
मुकेश सहनी ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह संविधान, कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा, “हम हिंसा की बात नहीं करते। हम संविधान की बात करते हैं, लोकतंत्र की बात करते हैं और सरकार से सवाल पूछने की बात करते हैं। सरकार से सवाल पूछना लोकतंत्र की ताकत है।”

उन्होंने कहा कि निषाद समाज को दशकों से चुनावी राजनीति में इस्तेमाल किया गया, लेकिन उसके अधिकारों के सवाल को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब समाज को अपनी राजनीतिक ताकत पहचाननी होगी और यह तय करना होगा कि उसके वोट का इस्तेमाल किसके हित में हो रहा है।

मुकेश सहनी ने कहा कि 2027 से पहले यदि निषाद समाज को संवैधानिक एससी आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा को वोट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस संदेश को गांव-गांव, टोले-टोले और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गंगाजल के साथ लिया गया संकल्प अब केवल किसी एक जिले या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे उत्तर प्रदेश में घर-घर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता समाज के लोगों को शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, संवैधानिक अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक करेंगे तथा गांव-गांव संगठन को मजबूत करेंगे।

मुकेश सहनी ने कहा कि वोट समाज की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है। जब समाज संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए अपनी राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल करेगा, तब कोई भी राजनीतिक दल उसकी मांगों को नजरअंदाज नहीं कर सकेगा।
उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा, “एक रोटी कम खाइए, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाइए। शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों को समझेगा और अपने भविष्य का फैसला खुद करेगा।”

मुकेश सहनी ने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी की लड़ाई किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि निषाद समाज के संवैधानिक अधिकार, सामाजिक न्याय, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए है। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी हरिओम निषाद एवं सह-प्रभारी कमल किशोर निषाद के साथ विजय निषाद, जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश निषाद, हेमराज निषाद, शैलू निषाद, जय शंकर निषाद, रामवीर निषाद, धर्मेश राठौर, गोकुल प्रसाद, मोहन निषाद, हरीश निषाद, राममूर्ति निषाद, प्रताप सिंह निषाद, बंटी भाई, धनभान निषाद, अनिल निषाद, मदन गोपाल निषाद, नगीन निषाद एवं रामवीर सिंह निषाद सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा कश्यप-निषाद समाज के लोग उपस्थित रहे।
Author Profile

Latest entries
भ्रष्टाचारOctober 6, 2026स्मार्ट सिटी की सड़कों पर गड्ढों का कब्जा: भिखारीपुर मार्ग पर जलभराव में फंसा ई-रिक्शा, व्यापारी बोले – धंधा चौपट
CrimeOctober 6, 2026DEHATI LEKHAK EXCLUSIVE सीतापुर में खाकी बेलगाम! कश्यप युवक को आधी रात घर से उठाया, थाने में पीटा, फर्जी केस में फंसाया – कश्यप समाज में उबाल, बोले- चुनाव में भुगतेगी भाजपा सरकार
राजनीतिOctober 6, 2026काशी में होगा सेवा संकल्प यात्रा का भव्य समापन: 7 अक्टूबर को वाराणसी में गरजेंगे CM योगी, नितिन नबीन और हिमंत बिस्वा सरमा, 50 हजार की भीड़ का लक्ष्य
वाराणसीOctober 4, 2026मोढ़ेला तिराहे पर बुझा एक गरीब परिवार का चिराग – क्या विधायक, क्या मंत्री, कोई सुध लेगा? | देहाती लेखक की खास रिपोर्ट
